हरिद्वार, 15 अगस्त।हर्षिता जिला पंचायत कार्यालय परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी (राजेंद्र सिंह) ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने जनपद एवं प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के अमर बलिदान का परिणाम है और उनके योगदान को राष्ट्र हमेशा श्रद्धापूर्वक याद रखेगा।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों को बेहतर सड़कों के माध्यम से शहरों से जोड़ने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसानों, मजदूरों और गरीबों तक पहुंच रहा है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी से एकजुट होकर योगदान देने का आह्वान किया।
गांवों के विकास और स्वच्छता पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पंचायत परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया और लोगों से ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के संकल्प को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान ने कहा कि वीर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की। इसके बाद सभी को मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

By DTI