हरिद्वार, 19 अगस्त 2026। हर्षिता।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए तृतीय चरण में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जारी नोटिसों पर बीएलओ और एईआरओ स्तर से सुनवाई की जा रही है। दर्ज आपत्तियों के संबंध में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि अथवा परिवर्तन होने की स्थिति में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 अभिलेखों में से किसी एक अभिलेख को प्रस्तुत कर समस्या का समाधान कराया जा सकता है।
डीएम ने जनपद के मतदाताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर उसका समाधान कराएं।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से पृथक नहीं किया जाएगा।
बैठक में विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत, विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, कांग्रेस अध्यक्ष रुड़की राजेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री कांग्रेस साहिल राणा, जिलाध्यक्ष बीएसपी मदन पॉल, सीपीआईएम के राजीव गर्ग, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, महिला जिलाध्यक्ष प्रियंका, भाजपा जिला कार्यक्रम प्रभारी नकली सिंह सैनी, चंद्रपाल सिंह सहित अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा, एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी/उप मेलाधिकारी कुंभ आकाश जोशी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

By DTI