रुड़की। हरिद्वार,हर्षिता।जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले का पुलिस ने महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतका की सौतेली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार, बेटी मां को मंदिर ले जाने के बहाने कार में लेकर निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर महिला की गला काटकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में ठिकाने लगाने का प्रयास किया। हालांकि, शव नहर में बहने के बजाय किनारे पर ही अटक गया।
🚨 गंगनहर किनारे मिला था महिला का शव
18 अगस्त को पुलिस को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले।
शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की गई और सिविल अस्पताल रुड़की की मोर्चरी में रखवाया गया। मामला गंभीर होने पर एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
🔎 CCTV और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को मृतका की सौतेली बेटी के प्रेम संबंध के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, बेटी का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसे उसकी मां पसंद नहीं करती थी। मां द्वारा लगातार विरोध किए जाने से बेटी उसे अपने रिश्ते में बाधा मानने लगी और कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
💔 मंदिर जाने के बहाने कार में बैठाया
पुलिस के अनुसार, सौतेली बेटी अपने प्रेमी के साथ महिला को बुढ़ाना से ब्रेजा कार में बैठाकर हरिद्वार जाने की बात कहकर निकली थी।
आरोप है कि रास्ते में दोनों ने महिला को पकड़ लिया और धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर गंगनहर पुल के पास फेंककर फरार हो गए।
👮♀️ बेटी और प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर हत्या की साजिश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 18 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया।
नोट: हत्या से जुड़े आरोप पुलिस जांच के आधार पर हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।
मंगलौर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: बेटी ही निकली मां की कातिल, प्रेमी संग मिलकर रची हत्या की साजिश
