पिरान कलियर, हर्षिता।वायरल वीडियो ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल, पुलिस जांच में जुटी
रुड़की।हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स के दौरान युवती से कथित छेड़छाड़ को लेकर बवाल खड़ा हो गया। मामले को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के युवकों के बीच काफी देर तक जमकर लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छेड़छाड़ के विरोध के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि घटना 26 अगस्त को बड़ी रोशनी के मौके पर अब्दाल साहब रोड की ओर हुई। आरोप है कि उर्स में आई एक युवती के साथ एक युवक ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। युवती के साथ मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला बढ़ गया।
कुछ ही देर में दोनों पक्षों के कई युवक आपस में भिड़ गए। मौके पर जमकर मारपीट हुई और काफी देर तक लात-घूंसे चलते रहे।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटनाक्रम के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद उर्स मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
उर्स के दौरान पिरान कलियर में भारी पुलिस बल की तैनाती और चप्पे-चप्पे पर निगरानी के दावों के बीच सार्वजनिक स्थान पर इस तरह मारपीट की घटना पुलिस व्यवस्था के लिए भी चुनौती मानी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
