रिटेल स्टोर, किराना दुकानों, डेरियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर चला विशेष जांच अभियान
हरिद्वार, 30 अगस्त 2026। हर्षिता ।खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को व्यापक अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में रिटेल स्टोर, किराना दुकानों, डेरियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए, जबकि कई प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए।
शिवालिक नगर में घी, मैदा, काली मिर्च और पोहा के नमूने
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने शिवालिक नगर स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च और पोहा के नमूने लिए गए।
पोहा निर्माता कंपनी पंसारी इंडस्ट्रीज, नई दिल्ली को लेबल पर निर्माता कंपनी का नाम-पता अंकित नहीं करने, स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम दर्शाने तथा लेबल पर किए गए हेल्थ क्लेम को लेकर नोटिस जारी किया गया।
वहीं मैदा निर्माता कंपनी ग्रो मोर स्पाइसेज एंड पल्सेस, गुरुग्राम (हरियाणा) को लेबल पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने के मामले में नोटिस दिया गया।
Zepto के वेयरहाउस में भी मिलीं अनियमितताएं
दिलीप जैन की टीम ने ज्वालापुर, आर्यनगर और रानीपुर मोड़ स्थित रिटेल स्टोरों के साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर फूड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा वेयरहाउस से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, जैसे कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
टीम को कई खाद्य पदार्थों के लेबल पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अपठनीय मिली। इन अनियमितताओं के चलते Zepto को मौके पर नोटिस जारी किया गया। इस दौरान खाद्य तेल, सूजी, जूस और तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए।
रुड़की में भी कार्रवाई, दो कारोबारियों को नोटिस
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रुड़की के सिविल लाइन्स क्षेत्र में रिटेल स्टोरों और किराना दुकानों का निरीक्षण किया। यहां खाद्य तेल, चायपत्ती और देशी घी के तीन नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं तथा आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत न किए जाने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।
भगवानपुर से बेसन से लेकर खाद्य तेल तक के नमूने
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों में रिटेल दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने बेसन, सूजी, नमकीन, बिस्कुट, चायपत्ती और खाद्य तेल समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए।
झबरेड़ा और नारसन में मावा-घी की जांच
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने झबरेड़ा और नारसन क्षेत्र की रिटेल दुकानों एवं डेरियों का निरीक्षण किया। यहां से मावा और देशी घी के दो नमूने लिए गए।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के विशेष अभियान के तहत आज जनपदभर से कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग द्वारा नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही।

By DTI