सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी से पानी निकालने का काम तेज; जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए सख्त निर्देश
हरिद्वार, 04 सितंबर 2026।हर्षिता
बहादराबाद क्षेत्र के सुमननगर में भारी बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रशासन की विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर तैनात हैं और जल निकासी का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जलभराव की शिकायतें मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ समेत संबंधित विभागों की टीमें मौके पर रहकर राहत और जल निकासी कार्यों की निगरानी कर रही हैं।
तीन स्तरों पर जल निकासी का अभियान
प्रशासन की ओर से जल निकासी के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी का इस्तेमाल किया जा रहा है। सक्शन मशीनों से पानी निकाला जा रहा है, जबकि पंप सेटों के जरिए जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी की जा रही है। वहीं जेसीबी की मदद से नालियों की खुदाई और सफाई कर पानी की निकासी का रास्ता सुचारु किया जा रहा है।
गली नंबर 3 और 4 में विशेष अभियान
सुमननगर की गली संख्या 03 और 04 में विशेष अभियान चलाकर पंप सेट लगाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक पंप सेटों के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर पानी निकाला जा चुका है। इसके अलावा शिविर के माध्यम से लगभग 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा भी करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की गई है।
