मेलाधिकारी सोनिका ने शंकर आश्रम चौक से ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल तक किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश
हरिद्वार, 08 सितंबर 2026। हर्षिता।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में विकास कार्यों को गति देने के साथ अब स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों को योजनाओं में शामिल करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। मेला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, साधु-संतों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों से लगातार संवाद कर उनके सुझाव और फीडबैक लिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंगलवार को शंकर आश्रम चौक, अवधूत मंडल मार्ग, भगत सिंह चौक, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति देखी और प्रस्तावित योजनाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ेगी
शंकर आश्रम चौक और अवधूत मंडल मार्ग पर सड़क सुधार एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से भी सुझाव लिए। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय मांग के अनुरूप सड़क के मध्य डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों तक श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए सुगम पैदल आवागमन सुनिश्चित करने को फुटपाथ निर्माण पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे।
टॉयलेट और पार्किंग के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश
मेलाधिकारी ने चौराहों के सुधार कार्यों में स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से टॉयलेट और सतही पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में सहयोग मांगा। भूमि उपलब्ध होने पर मेला प्रशासन द्वारा इन सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों की मांग पर अवधूत मंडल मार्ग के मध्य रेलिंग और लाइट पोस्ट लगाने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भगत सिंह चौक से ज्वालापुर तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
भगत सिंह चौक पर मेलाधिकारी ने सड़क सुधार, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने चौक से जुड़े नालों की सफाई कराने और आवश्यकता के अनुसार उन्हें ढकने के निर्देश दिए।
वहीं ज्वालापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सड़क सुधार, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं और निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके बाद जटवाड़ा पुल क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
स्थानीय लोगों से संवाद पर जोर
मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने से पहले स्थानीय लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाए, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने मेला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लोगों से संवाद कर विकास कार्य कराने से योजनाएं अधिक उपयोगी, व्यावहारिक और जनहितकारी बनेंगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम की पार्षद मोनिका सैनी, पार्षद राजेश शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा सहित सागर अरोड़ा, जयकिशन विरमानी, सुमित मल्होत्रा, भारत तनेजा, धीरेंद्र गुप्ता, रवि शंकर, सुरेश शर्मा, हेमंत चावला, राजू गुप्ता, पवन कुमार सहित स्थानीय लोग और व्यापारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष कुमार सिंह, सीओ यूके मलिक, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
