हरिद्वार, 09 सितंबर 2026, हर्षिता । आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने की कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कुंभ मेला भवन (सीसीआर) में विभिन्न सेक्टरों की समीक्षा बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी और लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। जहां अभियान चलाया जाए, वहां पूरी तरह सफाई कराकर दोबारा अतिक्रमण न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों और स्टेकहोल्डर्स से संवाद स्थापित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इन क्षेत्रों पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने भूपतवाला-भीमगोड़ा, लालतारा पुल से ब्रह्मपुरी, मनसा देवी गेट, बाल्मीकि चौक, शिवमूर्ति से ज्वालापुर पुल, रोड़ी बेलवाला सहित अन्य क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई करने को कहा।
इसके साथ ही मनसा देवी मार्ग पर रेलवे पटरी के किनारे हुए अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
रोड़ी बेलवाला से सीसीआर तक चलेगा इनफोर्समेंट अभियान
डीएम ने रोड़ी बेलवाला से सीसीआर तक अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन और पुलिस के सहयोग से प्रभावी इनफोर्समेंट अभियान चलाने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम को आपसी समन्वय से अभियान की कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने को कहा गया है।
वहीं नगर निगम को बाल्मीकि चौक से लालतारा पुल के दाहिने हिस्से में अतिक्रमण हटाने के साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मनसा देवी गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट को दी गई।
झूलते तार और अवैध बिजली कनेक्शन भी होंगे निशाने पर
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को नगर क्षेत्र में मौजूद अवैध विद्युत कनेक्शनों और झूलते हुए तारों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए विद्युत सुरक्षा से जुड़े किसी भी संभावित खतरे को समय रहते समाप्त करना जरूरी है।
कुंभ की तैयारियों में अतिक्रमण नहीं बनेगा बाधा
डीएम ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में विभिन्न स्थायी एवं अस्थायी निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं के कार्य प्रस्तावित हैं। ऐसे में अतिक्रमण के कारण किसी भी विकास कार्य या आयोजन में बाधा नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई, विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करने और अभियान में तेजी लाने को कहा।
बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
