हरिद्वार, 10 सितंबर 2026। हर्षिता। एनालॉग पनीर को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए पनीर निर्माण इकाइयों से लेकर डेयरी, होटल और खाद्य तेल गोदामों तक सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विभाग की टीम ने छह खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे, जबकि नियमों का पालन नहीं करने वाले पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किए गए।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह कार्रवाई उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत के नेतृत्व में की गई। टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे।
पनीर निर्माण इकाइयों की जांच
अभियान के तहत जशोदरपुर और दुर्गागढ़ स्थित पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। जांच में दुर्गागढ़ की इकाई स्थायी रूप से बंद मिली। वहीं जशोदरपुर की इकाई में नवीनीकरण और नई पैक्ड पनीर यूनिट स्थापित किए जाने के चलते 27 अगस्त 2026 से पनीर निर्माण बंद पाया गया।
खाद्य तेल गोदाम में भी जांच
टीम ने सराय स्थित खाद्य तेल निर्माता कंपनी के वितरण गोदामों का भी निरीक्षण किया। यहां से कच्ची धानी सरसों तेल और वनस्पति के दो विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
गोदाम संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई और चूहेदानी के उचित इस्तेमाल के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान खराब हो चुका करीब 50 किलो बेसन मौके पर नष्ट कराया गया।
पनीर सप्लाई यूनिट से भी लिया नमूना
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने रहमतपुर, पिरान कलियर स्थित पनीर सप्लाई यूनिट का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यहां मेरठ की एफएसएसएआई लाइसेंसधारी इकाई से पैक्ड पनीर की आपूर्ति की जा रही थी।
विभाग ने यहां से पनीर का एक विधिक नमूना जांच के लिए लिया। गैर-अनुपालन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस भी जारी किया गया। इसके अलावा तस्सीपुर, रुड़की की डेयरी इकाई से भी पनीर का नमूना लिया गया।
होटल में बिना पंजीकरण चल रहा था किचन
हरिद्वार शहर में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। एक यात्री की शिकायत पर श्रवणनाथ नगर स्थित होटल ध्रुव गंगा (परफेक्ट स्टेज होटल एंड रिसोर्ट) में अचानक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान होटल में बिना पंजीकरण किचन संचालित पाया गया। विभाग ने होटल संचालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की और तैयार खाद्य पदार्थ ग्रेवी का नमूना जांच के लिए लिया। वहीं ब्रह्मपुरी, मनसा देवी रोड स्थित एक प्रतिष्ठान से वनस्पति का नमूना भी लिया गया।
पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ कोर्ट में वाद
नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में बिना पंजीकरण, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य प्रतिष्ठान चलाने और कालातीत खाद्य सामग्री बेचने के मामलों में पहले जारी किए गए नोटिसों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ न्याय निर्णायक अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के न्यायालय में वाद दायर किए।
खाद्य गुणवत्ता पर विभाग की सख्ती जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार आज की कार्रवाई में कुल 6 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए, जबकि 5 खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

By DTI