मदन कौशिक बोले—महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा, नारी शक्ति को आगे बढ़ाना समय की जरूरत
हरिद्वार। Harshita.भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन समारोह का आयोजन भूपतवाला स्थित वासुदेव आश्रम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में महिलाओं ने मंत्री मदन कौशिक की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें विजयश्री का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, व्यापार, विज्ञान, कला, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं और पहल संचालित कर रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की आधी आबादी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।
महापौर किरण जैसल ने कहा—नारी राष्ट्र निर्माण की मजबूत शक्ति
हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने समारोह में पहुंचीं महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है। आज की बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के योगदान की सराहना की गई और उन्हें सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को सम्मान, समान अवसर और आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
विकास तिवारी बोले—हरिद्वार में विकास की नई तस्वीर
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि हरिद्वार में चारों ओर विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरिद्वार की धरती पर ऐतिहासिक कुंभ का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही है। उन्होंने समारोह में पहुंची सभी महिलाओं का आभार भी व्यक्त किया।

By DTI