हरिद्वार। Harshita तीर्थनगरी हरिद्वार में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार और अर्धकुंभ मेले से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय सावक मंच के कार्यकर्ताओं ने मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट हरीगिरी को ज्ञापन सौंपा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रतिनिधिमंडल से गंभीर विषयों पर वार्ता करते हुए ज्ञापन का संज्ञान लिया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान की मांग
मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार केवल एक शहर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी विश्वप्रसिद्ध तीर्थनगरी है। ऐसे में यहां नशीले पदार्थों का बढ़ता अवैध कारोबार गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार, सामाजिक व्यवस्था, अपराध और युवाओं के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। मंच ने संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष निगरानी और नशे के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी
ज्ञापन में विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों और युवाओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों के आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखने की मांग की गई।
अर्धकुंभ के कार्यों में पारदर्शिता पर जोर
मंच ने अर्धकुंभ मेले को लेकर चल रहे विकास, निर्माण, सौंदर्यीकरण, यातायात, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि सार्वजनिक परियोजनाओं पर खर्च होने वाला धन जनता के कर एवं सार्वजनिक राजस्व से आता है। इसलिए प्रमुख परियोजनाओं की स्वीकृत लागत, कार्यदायी संस्था, समयसीमा और निर्धारित उद्देश्य जैसी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
साथ ही निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता की समय-समय पर सक्षम एवं स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच कराने तथा अनावश्यक खर्च, दोहराव और अपव्यय को रोकने की मांग की गई।
‘सार्वजनिक धन जनता की अमानत’
चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार की पवित्रता केवल गंगा तट और मंदिरों से नहीं, बल्कि यहां के सामाजिक वातावरण, युवाओं के सुरक्षित भविष्य और पारदर्शी प्रशासन से भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन जनता की अमानत है और उसके प्रत्येक खर्च में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में सावक मंच के जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शरद अग्रवाल, जिला महामंत्री विशाल यादव, युवा जिलाध्यक्ष शिवम कौशिक, पार्थ शांडिल्य, पीयूष कौशिक, नवीन शर्मा, आशीष पटवाल, गौरव भट्ट, साहिल बग्गा, रचित सिंघल, पंडित सुनील शर्मा, विकास राजपूत, नरेश शर्मा, जय बाली, दिनेश शर्मा, जितेंद्र यादव, मनोज गिरी, सनी भाटिया, विकास अरोड़ा, गोपाल तनेजा, मनोज जैन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By DTI