हरिद्वार।harshita. सावक मंच के संयोजक चंद्रमोहन कौशिक ने आज सावक मंच की युवा विंग ‘सावक मंच युवा मोर्चा’ की जिला एवं शहर कार्यकारिणी की विधिवत घोषणा की। कार्यकारिणी में युवाओं को उनकी योग्यता, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इस अवसर पर चंद्रमोहन कौशिक ने कहा कि सावक मंच से लंबे समय से बड़ी संख्या में युवा साथी जुड़े हुए हैं। इनमें कई युवा प्रतिभाशाली, कर्मठ, ईमानदार और व्यवहार कुशल हैं। ऐसे युवाओं की क्षमता का संगठन और समाजहित में बेहतर उपयोग हो, इसके लिए उन्हें उनकी योग्यता के अनुरूप दायित्व प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज कुछ प्रतिभाशाली युवाओं को संगठन में जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि संगठन से जुड़े अन्य योग्य साथियों को भी नवरात्रों के दौरान उनकी योग्यता के अनुरूप दायित्व सौंपे जाएंगे।
जनहित और हरिद्वार की संस्कृति के लिए काम करने का आह्वान
नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए चंद्रमोहन कौशिक ने उनसे जनहित में रचनात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी हरिद्वार की पौराणिक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गरिमा के अनुरूप संगठन के सभी कार्य समाज के हित में होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो युवा लंबे समय से पूरी निष्ठा, लगन और सक्रियता के साथ सावक मंच से जुड़कर संगठन को अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उनकी मेहनत और योग्यता को भी उचित सम्मान दिया जाएगा।
नवरात्रों में महिला विंग समेत अन्य पदों पर होगी घोषणा
चंद्रमोहन कौशिक ने बताया कि आगामी नवरात्रों में जिला एवं शहर महिला विंग सहित संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी योग्य कार्यकर्ताओं की नियुक्ति कर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ते हुए हरिद्वार के जनहित, संस्कृति, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को मजबूती देना है।
