426 लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ, 25 विभागों ने लगाए स्टॉल; मौके पर 4 शिकायतों का हुआ निस्तारण
हरिद्वार, 26 सितंबर 2026। Harshita.सेवा संकल्प अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत रुड़की नगर निगम सभागार में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे। राज्यसभा सांसद श्रीमती कल्पना सैनी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 2,348 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 426 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 25 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। यहां क्षेत्रवासियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं और पात्रता की जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही पात्र लोगों से योजनाओं और विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए।
शिविर को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि इस तरह के बहुद्देशीय शिविरों से लोगों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और पात्र लोगों को भी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान सांसद ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी भी ली।
शिविर में कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण-पत्रों और अन्य विभागीय सेवाओं के लिए 203 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में पहुंचे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत चौधरी, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्यमंत्री आदेश सैनी, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति और दिनेश कौशिक, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव, भाजपा नेता सुशील त्यागी, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अनीस गौड, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, विनय शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

By DTI