सिडकुल पुलिस की कार्रवाई, स्विफ्ट कार समेत पर्स, आधार कार्ड और नकदी बरामद; दो अन्य आरोपी फरार
हरिद्वार। हर्षिता थाना सिडकुल क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के तार देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास से जुड़े मामले से भी सामने आए हैं। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 309(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों तथा घटना में प्रयुक्त वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही वादी और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई।
लगातार जांच और सुराग जुटाने के बाद पुलिस टीम ने दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को थाना रायपुर, देहरादून में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे कार से हरिद्वार आए थे।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को दीपक और उसके तीन अन्य साथियों ने पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पी। इसके बाद पैसों की कमी होने पर उन्होंने नदी किनारे कार खड़ी की और कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को तमंचे के बल पर रोककर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने यह भी बताया कि उनके दो अन्य साथी लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने के लिए गए थे, जो अभी तक वापस नहीं लौटे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, एक आरसी, एक आधार कार्ड, एक पर्स और 1,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक पुत्र दिलीप कुमार, निवासी ग्राम खागा, थाना खागा, जिला फतेहपुर सीकरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष।
आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, निवासी ग्राम नगर, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी मकान नंबर 1028, विष्णु लोक कॉलोनी, थाना रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष।

By DTI