हरिद्वार, 29 सितंबर 2026, हर्षिता।। उत्तराखंड शासन के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकासखंड सभागार नारसन में सेवा संकल्प अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख श्रीमती कोमल देवी की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में 755 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 325 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुनते हुए कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्रमाण-पत्रों एवं अन्य विभागीय सेवाओं के लिए 65 आवेदन भी प्राप्त हुए।
शिविर में 25 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां क्षेत्रवासियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई गई। संबंधित विभागों ने पात्र लोगों के आवेदन भी प्राप्त किए और योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कोमल देवी ने कहा कि ऐसे बहुद्देशीय शिविर सरकार की योजनाओं और विभागीय सेवाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और पात्र लोगों को भी इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम में भाजपा रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, अजीत सिंह चौधरी, दिनेश कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, खंड विकास अधिकारी पवन सैनी सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
