पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना, संवाद के दौरान बच्चों ने सीखे अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के गुर
हरिद्वार। हर्षिता ।अजीतपुर स्थित सत्यम पाठशाला की ओर से बच्चों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक समझ को बढ़ाने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की गई। इसी क्रम में पाठशाला के बच्चों की टीम ने रोशनाबाद स्थित SSP कार्यालय हरिद्वार का शैक्षिक भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान बच्चों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को करीब से समझने का अवसर मिला। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर विभाग से जुड़ी विभिन्न जानकारियां हासिल कीं।
इस दौरान बच्चों की मुलाकात SP क्राइम निशा यादव से हुई। उन्होंने बच्चों के साथ संवाद करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और शिक्षा, मेहनत तथा अनुशासन के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि पढ़ाई को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएं और मेहनत व लगन के साथ अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें।
SP क्राइम ने बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज किए गए प्रयास ही भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। बच्चों को अनुशासन और मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने की सीख भी दी गई।
सत्यम पाठशाला के संचालक अरुण कश्यप ने बताया कि पाठशाला का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास विकसित करना, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और भविष्य के लिए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में काम करना भी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को नई-नई जगहों पर ले जाने से उन्हें नया अनुभव और नया दृष्टिकोण मिलता है। पुलिस कार्यालय का यह भ्रमण भी बच्चों के लिए ऐसा ही अनुभव रहा, जहां उन्हें अधिकारियों से सीधे संवाद करने और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।
इस पहल से बच्चों में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार हुआ। साथ ही उनके भीतर आगे बढ़ने, सीखने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की प्रेरणा भी मजबूत हुई।
