हरिद्वार, 30 सितंबर 2026।, हर्षिता ।झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
26 सितंबर को हुई इस वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से गांव की ओर आ रहा है। पुलिस ने नहर पुल पिकेट के पास चेकिंग शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी को कब्जे में लेकर उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर वह नाराज था और समाज में बदनामी होने की बात को लेकर उसने दोनों की हत्या की।
मुठभेड़ के संबंध में झबरेड़ा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।

By DTI