हरिद्वार। हर्षिता ।जमीन के सौदे में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक बैंक कर्मचारी से 29 लाख 72 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि निवेश के लिए फर्जी खरीदार दिखाकर रकम ली गई और पैसे वापस मांगने पर पीड़ित व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में हिंदू क्रांति दल के प्रदेश अध्यक्ष समेत छह लोगों के खिलाफ ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, जुर्स कंट्री ज्वालापुर निवासी सौरव कुमार इंडियन ओवरसीज बैंक की रोहालकी, बहादराबाद शाखा में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, मई 2024 में अमरीश गुप्ता और मुकेश गुप्ता ने उन्हें हरिद्वार में करीब 18 बीघा जमीन का सौदा कराने और उससे अच्छा मुनाफा दिलाने की बात कही।
आरोप है कि इसके लिए केपी शर्मा राम नाम के व्यक्ति को खरीदार के रूप में पेश किया गया। पहली मुलाकात में खरीदार के नाम पर मुकेश गुप्ता को 11 लाख रुपये नकद दिलवाए गए। इसके बाद एग्रीमेंट ट्रांसफर के नाम पर संजय मेहरा उर्फ संजय कुमार ने अलग-अलग किस्तों में 17 लाख, 6.50 लाख और 6.72 लाख रुपये लिए। इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार कुल 29.72 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा संजय मेहरा को तीन चेक भी दिए गए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि जमीन के सौदे के नाम पर उसके साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। करीब डेढ़ साल से रकम वापस मांगने के बावजूद पैसे नहीं लौटाए गए। आरोप है कि रकम मांगने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत में कुछ अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले में संजय मेहरा उर्फ संजय कुमार, सोनिया, मुकेश गुप्ता, अमरीश गुप्ता, चरणजीत पाहवा और मनोज कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ संजय चौहान के अनुसार, रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

By DTI