श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की मांग पर सूचना विभाग ने तेज की प्रक्रिया, अरुण शर्मा ने सूचना महानिदेशक का जताया आभार
हर्षिता. देहरादून, उत्तराखंड में डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की लगातार उठाई जा रही मांग के बाद सूचना विभाग ने सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में संबंधित न्यूज पोर्टलों को सम्मानजनक राशि के विज्ञापनों के रिलीज ऑर्डर (RO) जारी किए जाने की तैयारी है।
वर्तमान विज्ञापन दरें अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद न्यूज पोर्टलों को सम्मानजनक राशि का विज्ञापन जारी करने की पहल को डिजिटल मीडिया के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे पोर्टलों को अपने संचालन में राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने इस पहल के लिए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल मीडिया समाचारों को तेजी से जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनहित के मुद्दों को भी व्यापक स्तर पर सामने ला रहा है।
अरुण शर्मा ने कहा कि डिजिटल मीडिया संस्थानों के संचालन में सर्वर, वेबसाइट मेंटेनेंस, तकनीकी संसाधन, वीडियो एडिटिंग और समाचार संकलन जैसे कार्यों पर लगातार खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में वर्तमान विज्ञापन दरों के बीच पोर्टलों को सम्मानजनक राशि का विज्ञापन मिलना उनके संचालन को मजबूती देने वाला कदम है।
पूरे साल नियमित विज्ञापन जारी करने की मांग
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने सूचना महानिदेशक से मांग की कि सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखते हुए पूरे वर्ष नियमित अंतराल पर विज्ञापन जारी किए जाएं। उनका कहना है कि नियमित विज्ञापन मिलने से डिजिटल मीडिया संस्थानों को आर्थिक स्थिरता मिलेगी और पत्रकारिता का काम निरंतर जारी रखा जा सकेगा।
डिजिटल मीडिया के लिए अलग नियमावली की मांग
अरुण शर्मा ने उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया के लिए अलग और स्पष्ट नियमावली बनाए जाने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की तरह न्यूज पोर्टलों के लिए भी विज्ञापन, सूचीबद्धता और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर स्पष्ट एवं व्यावहारिक नीति होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल पत्रकारिता तेजी से विस्तार कर रही है। ऐसे में न्यूज पोर्टलों के लिए व्यवस्थित नीतिगत ढांचा तैयार होने से प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी और डिजिटल मीडिया संस्थानों को बेहतर तरीके से काम करने का अवसर मिलेगा।
महानिदेशक से मुलाकात के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया
गौरतलब है कि इससे पहले उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों की विज्ञापन दरों में वृद्धि और नियमित विज्ञापन जारी करने की मांग रखी थी।
प्रतिनिधिमंडल ने सूचना विभाग के समक्ष कहा था कि मौजूदा विज्ञापन दरें डिजिटल मीडिया के बढ़ते तकनीकी और संचालन खर्च के अनुरूप नहीं हैं। इस पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने मांगों का संज्ञान लेते हुए न्यूज पोर्टलों के हितों का पूरा ध्यान रखने का आश्वासन दिया था।
अब विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी से प्रदेश के सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों में उम्मीद जगी है।
