हरिद्वार, 5 अक्टूबर 2026।हर्षिता कुंभ मेला-2027 को स्वच्छ, सुरक्षित और संक्रामक रोगों से मुक्त रखने के लिए शासन और मेला प्रशासन ने मेगा सेनिटेशन प्लान पर काम तेज कर दिया है। कुंभ क्षेत्र के 32 सेक्टरों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर संसाधन जुटाए जाएंगे।
शहरी विकास विभाग के सचिव नितेश कुमार झा ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में कुंभ क्षेत्र से जुड़े नगर निकायों, जिला पंचायतों और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित एकीकृत सेनिटेशन कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और निकायों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर अंतिम रूप देकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
32 सेक्टरों में होगी बड़े स्तर पर व्यवस्था
नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार ने बैठक में प्रस्तावित सेनिटेशन योजना का प्रस्तुतिकरण करते हुए बताया कि कुंभ मेला क्षेत्र के सभी 32 सेक्टरों में—
13,865 टॉयलेट सीट
8,065 एफआरपी मूत्रालय
4,840 डस्टबिन
493 सफाई वाहन
की व्यवस्था प्रस्तावित है।
सीवरेज के निस्तारण के लिए 6 एफएसटीपी और सेक्टर एमटीएफ का उपयोग किया जाएगा।
ऑनलाइन होगी सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग
सचिव शहरी विकास ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में सफाई एवं सेनिटेशन से जुड़ी व्यवस्थाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए शहरी विकास विभाग के डैशबोर्ड पर कुंभ क्षेत्र में शामिल सभी नगर निकायों और जिला पंचायतों को मैप किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकीकृत योजना में कुंभ से पहले, कुंभ के दौरान और कुंभ के बाद की सफाई व्यवस्था को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए।
दिसंबर से बढ़ाई जाएगी सफाई कर्मियों की तैनाती
कुंभ की तैयारियों के शुरुआती चरण में ही दिसंबर से पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को मक्खी-मच्छर नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों, उपकरणों के संचालन और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
नंदन कुमार होंगे सेनिटेशन योजना के समन्वय अधिकारी
एकीकृत सेनिटेशन योजना के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार को समन्वय अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी संबंधित निकायों और विभागों को अपनी कार्ययोजना तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से समन्वय अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हरिद्वार से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक फोकस
बैठक में हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की नगर निगम के साथ शिवालिक नगर, मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कुंभ नगरी की ओर आने वाले मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों, जिला पंचायतों और आसपास के नगर निकायों में भी सफाई की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद सचिव शहरी विकास ने सर्वानंद घाट से लगी मेला भूमि का निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल सहित मेला प्रशासन, नगर निकायों और जिला पंचायतों के अधिकारी मौजूद रहे।

By DTI