हरिद्वार में जागरूकता कार्यशाला आयोजित, खुले में कुट्टू का आटा बेचने पर रोक; बिल-बीजक रखना होगा अनिवार्य
हरिद्वार, 5 अक्टूबर 2026। हर्षिता।नवरात्रि पर्व को देखते हुए कुट्टू के आटे की बिक्री को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पिछले वर्षों में कुट्टू के आटे से फूड प्वाइजनिंग के मामलों को देखते हुए खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता, पैकेजिंग और भंडारण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार की ओर से सोमवार को उपायुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, गढ़वाल मंडल राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में खाद्य कारोबारियों की जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई।
🚨 कुट्टू के आटे की बिक्री को लेकर ये निर्देश
कार्यशाला में कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि—
🔹 कुट्टू का आटा पैक्ड रूप में ही बेचा जाए।
🔹 प्रत्येक खरीद-बिक्री का बिल/बीजक सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
🔹 खुले में कुट्टू का आटा बेचने पर रोक रहेगी।
🔹 केवल मानक के अनुरूप एवं शुद्ध कुट्टू का आटा ही बेचा जाए।
🔹 एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
फूड प्वाइजनिंग की घटनाओं को लेकर सतर्कता
विभाग ने कहा कि नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट, गलत भंडारण या खराब गुणवत्ता वाले आटे की बिक्री लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कारोबारियों को पहले से ही जागरूक किया जा रहा है।
कार्यशाला में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा, दिलीप कुमार जैन और योगेन्द्र पाण्डे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं व्यापार मंडल की ओर से सुरेन्द्र अनेजा, सुनील अरोड़ा, विपिन कुमार गुप्ता, विक्की तनेजा, सुमित अग्रवाल और दीपक गोयल समेत अन्य पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
नवरात्रि में खरीदारी करते समय रखें ध्यान
खाद्य विभाग ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि नवरात्रि के दौरान पैक्ड कुट्टू का आटा ही खरीदें, पैकेट की एक्सपायरी डेट जरूर जांचें और खरीदारी का बिल अवश्य लें।
