कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग का आरोप, 315 बोर तमंचा व खोखा कारतूस बरामद
हरिद्वार,हर्षिता थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज चार घंटे के भीतर नामजद आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 05 अक्टूबर को कटारपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते अवैध असलाह से फायरिंग की घटना सामने आई थी। मामले में थाना पथरी पर अभियोग दर्ज किया गया। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम को घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने नामजद आरोपी अर्जुन पुत्र सुरेन्द्र, निवासी ग्राम कटारपुर, थाना पथरी, जिला हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और दूसरे पक्ष के बीच पूर्व से रंजिश चल रही थी और इसी को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से 112 पर खुद के ऊपर जानलेवा हमला होने की झूठी सूचना दी थी। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
तमंचा और खोखा बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने:
315 बोर तमंचा – 01
खोखा कारतूस – 01
बरामद किया है।
