देहरादून: हर्षिता।उत्तराखंड के देहरादून जिले से बड़ी खबर सामने आई है. रायपुर थाना क्षेत्र में विष्णु लोक में लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाश ने तीन लोगों का मर्डर कर दिया. पुसिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है. आरोपी ने 85 साल के रमेश कपूर उनकी 76 साल की पत्नी रजनी कपूर और 45 साल की घरेलू सहायक शीला की हत्या की है.
वारदात दोपहर बाद तीन बजे के आसपास की बताई जा रही हैं. फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र में विष्णु लोक कॉलोनी हैं. वहीं पर मकान नंबर 16 में कपूर दंपति रहे हैं. पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के मुताबिक दिन में तीन बजे के आसपास वो अपने घर में थी, तभी उन्हें पड़ोस में रहने वाले कपूर दंपति के घर में शोर शराबी की आवाज सुनी.
भारती भंडारी के अनुसार वो शोर शराबे की आवाज सुनकर बाहर आई तो देखा कि एक युवक पेचकस से सामने के घर में काम करने वाली एक नौकरानी पर वार कर रहा है, ये सब देखकर भारती भंडारी ने भी शोर मचा दिया. भारती भंडारी का कहना है कि जैसे ही उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो पेचकस हाथ में लिए वो युवक उनकी तरफ भी दौड़ा, लेकिन उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी कपूर निवास की तरफ भागे. इस कारण वो युवक डरकर भाग गया. हालांकि घर के बाहर बैठे एक व्यक्ति ने युवक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया.
वहीं पुलिस और आस पड़ोस के लोग कपूर दंपति और उनकी घरेलू सहायक को तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृतक दंपति के दो बेटे हैं, जो पुणे और दिल्ली में रहते है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
