हरिद्वार/रुड़की, 07 अक्टूबर 2026।harshita. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को रुड़की स्थित बीएसएम कॉलेज के प्रांगण में ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सुना।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ रहा। इस दौरान सेवा, सुशासन और विकसित भारत@2047 के संकल्प को लेकर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से शपथ ली।
सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर लिया विकसित भारत का संकल्प
कार्यक्रम में संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा एवं बैडमिंटन खिलाड़ी भारत भूषण गुप्ता सहित प्रमुख अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई गई।
इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, रुड़की की मेयर डॉ. मधु सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले—सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को दी सर्वोच्च प्राथमिकता
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, वंचित, किसान, महिला और युवा सहित समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं और पहल शुरू की गई हैं। विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सरकार के साथ हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
मदन कौशिक ने गिनाए उत्तराखंड सरकार के विकास कार्य
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार भी जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति दे रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और उत्तराखंड की जरूरतों एवं संभावनाओं के अनुरूप समग्र विकास सुनिश्चित हो।
प्रदीप बत्रा ने जनभागीदारी पर दिया जोर
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
सेवा ज्योति यात्रा के जरिए जन-जन तक पहुंचा संदेश
कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति यात्रा भी निकाली गई। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी कार्यक्रम स्थल पर प्रसारण किया गया।
आयोजन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में विधायक रानीपुर आदेश चौहान, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, नितिन गौतम, शोभाराम प्रजापति, अजीत सिंह, सागर गोयल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार शुभाग्नि सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

By DTI