8 अक्टूबर से बूथों पर स्पेशल कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक BLO घर-घर पहुंचेंगे
कटी हुई प्रविष्टियों का प्री-SIR सूची से होगा मिलान, पात्र मतदाताओं से मौके पर भरवाया जाएगा Form-6
देहरादून, 08 अक्टूबर 2026।हर्षिता
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची को लेकर बड़ा आंकड़ा सामने आया है। 3 अक्टूबर 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में अब 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। वहीं 6 जनवरी 2025 की मतदाता सूची में 84,29,459 मतदाता थे। इस अवधि में कुल 17,05,130 नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जबकि 4,01,276 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटने के बाद अब निर्वाचन विभाग ने नाम जोड़ने और पात्र मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू करने का फैसला किया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में यह अभियान 8 अक्टूबर से शुरू होगा।
8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप
विशेष अभियान के पहले चरण में 8 से 10 अक्टूबर तक सभी मतदान केंद्रों पर स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में वर्तमान मतदाता सूची का प्री-SIR से पहले की मतदाता सूची से मिलान किया जाएगा।
इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान हट गए हैं और जो अभी भी पात्र मतदाता हैं।
12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचेगा BLO
अभियान के दूसरे चरण में 12 से 20 अक्टूबर तक हाउस-टू-हाउस सर्वे किया जाएगा। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर हटाए गए नामों की जानकारी जुटाएंगे और पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं का नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
जरूरत पड़ने पर Form-6 मौके पर ही भरवाया जाएगा। BLO द्वारा जुटाई गई जानकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ भी साझा की जाएगी।
कैसे हटे 17.05 लाख नाम?
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 6 जनवरी 2025 की सूची में उत्तराखंड में 84,29,459 मतदाता थे। इसके बाद प्री-SIR चरण में 7,73,445 नाम हटाए गए, जबकि 2,71,404 नए नाम जोड़े गए।
SIR के लिए मतदाता सूची फ्रीज किए जाने के समय प्रदेश में 79,27,418 मतदाता थे। इसके बाद SIR प्रक्रिया के दौरान 8,26,977 मतदाता ASDD श्रेणी में पाए गए, जबकि 1,04,708 नाम इनएलिजिबल श्रेणी में पाए गए। इन नामों को सूची से हटाया गया।
वहीं SIR प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
पूरे आंकड़े एक नजर में
प्रक्रिया
हटाए गए नाम
जोड़े गए नाम
प्री-SIR
7,73,445
2,71,404
SIR
9,31,685
1,29,872
कुल
17,05,130
4,01,276
इस तरह 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम सूची जारी होने के बाद प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता रह गए हैं।
अब बड़ी संख्या में नाम जुड़ने की उम्मीद
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। अगले चरण में बूथ स्तर पर मिलान और घर-घर सत्यापन के जरिए ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पुनरीक्षण प्रक्रिया में हट गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 8 से 10 अक्टूबर तक सभी बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्री-SIR से पहले की सूची और वर्तमान सूची का मिलान कर हटे हुए नामों की स्थिति की जांच की जाएगी।
SIR के बाद अब मतदाता सूची पर फोकस
SIR के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज रही है। विपक्षी कांग्रेस लगातार इस प्रक्रिया पर सवाल उठाती रही है। अब निर्वाचन विभाग का विशेष अभियान यह स्पष्ट करने में अहम भूमिका निभाएगा कि हटाए गए नामों में से कितने पात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में शामिल किया जाता है।
अब 8 अक्टूबर से शुरू होने वाला विशेष अभियान उत्तराखंड की मतदाता सूची की अगली तस्वीर तय करेगा।
