हरिद्वार: हर्षिता।खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद उनके कांग्रेस में जाने के कयास तेज हो गए थे। हालांकि, विधायक उमेश कुमार ने इन तमाम अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।
उमेश कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह कांग्रेस में शामिल नहीं होने जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि वे यह गलतफहमी न पालें कि वह कांग्रेस का हिस्सा बनने वाले हैं।
भाजपा-कांग्रेस दोनों से दूरी का ऐलान
विधायक उमेश कुमार ने अपने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं को संबोधित करते हुए अपनी राजनीतिक दिशा साफ कर दी। उन्होंने कहा कि वह न कांग्रेस में जाएंगे और न ही भाजपा में।
उन्होंने ऐलान किया कि वह जन निर्माण पार्टी में शामिल होंगे और आगामी विधानसभा चुनाव भी इसी पार्टी के टिकट पर लड़ेंगे।
हरीश रावत की नाराजगी से भी जोड़ी जा रही थी चर्चा
उमेश कुमार और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मुलाकात की तस्वीर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया था। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की कांग्रेस नेतृत्व से नाराजगी को भी इस पूरे घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा था।
हालांकि अब उमेश कुमार के बयान के बाद कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों पर पूरी तरह विराम लग गया है।
‘ऐसे नेताओं के जिंदाबाद के नारे नहीं लगा सकता’
अपने वीडियो में उमेश कुमार ने कांग्रेस के कुछ नेताओं पर तीखी टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि वह ऐसे किसी नेता के जिंदाबाद के नारे नहीं लगा सकते, जो उनके घर के बाहर बैठा रहता हो।
उमेश कुमार के इस बयान के बाद उत्तराखंड की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि जन निर्माण पार्टी के साथ उनका अगला राजनीतिक कदम आगामी विधानसभा चुनाव में क्या असर डालता है।

By DTI