देहरादून। हर्षिता।उत्तराखंड की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मंत्री ने धोखे से विवाह करने, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली शादी छिपाकर विवाह करने का आरोप
रेखा आर्या उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री हैं। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने 6 जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। मंत्री का आरोप है कि विवाह के समय उनके पति ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाई थी। बाद में उन्हें पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं।

विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप
शिकायत में रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से संबंधों की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप है कि शुरुआत में गिरधारी लाल ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौखिक और लिखित रूप से माफी मांगी, लेकिन इसके बावजूद उनका व्यवहार नहीं बदला। मंत्री के मुताबिक, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
सरकारी आवास में जातिसूचक टिप्पणी का आरोप
मंत्री ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने सरकारी आवास में स्टाफ के सामने उनके खिलाफ जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों के जरिए संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। रेखा आर्या का कहना है कि उन्होंने ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए और न ही अपने पद से इस्तीफा दिया।

ऑडियो में हत्या की साजिश का दावा
मामले का सबसे गंभीर पहलू एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग से जुड़ा है। रेखा आर्या ने पुलिस को इस ऑडियो के बारे में जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी हत्या की साजिश रचने की बात कर रहे हैं। हालांकि, ऑडियो की सामग्री और उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मंत्री ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से उचित सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के आधार पर उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के निष्कर्ष और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

By DTI