हरिद्वार, 17 अक्टूबर 2026। हर्षिता ।कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक से मंशा देवी मार्ग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
पीली पट्टी के बाहर सामान रखा तो होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही अपना सामान रखें। पीली पट्टी के बाहर फड़, ठेली या अन्य सामान रखने पर उसे जब्त किया जा सकता है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाना, यातायात को सुचारु रखना और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर करना है, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित सीमा के भीतर ही कारोबार करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कुंभ मेले की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर की सड़कों को व्यवस्थित रखने और यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

By DTI