देहरादून, Harshita.। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास छई गांव के समीप पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। राहत एवं बचाव दल ने दुर्घटनास्थल से सभी छह शव बरामद कर लिए हैं।
उड़ान के दौरान अचानक टूटा संपर्क


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन VT-HCX) शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया। इसके साथ ही ट्रैकिंग सिस्टम से भी हेलीकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई।


शुरुआत में हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना सामने आई, लेकिन कुछ ही देर बाद छई गांव के समीप पहाड़ी क्षेत्र में धुआं उठता दिखाई दिया और मलबा मिलने के बाद हादसे की पुष्टि हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय जोशीमठ और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, बर्फबारी और घने बादलों के चलते दृश्यता बेहद कम थी। ऐसे मौसम में हेलीकॉप्टर के संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय सेना, जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी छह शव बरामद किए गए।
ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े पर लगी रोक
हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने एहतियाती कदम उठाते हुए ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े के संचालन पर रोक लगा दी है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पूरे घटनाक्रम की निगरानी की।
फिर सवालों के घेरे में पहाड़ी क्षेत्रों की हवाई सेवाएं
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से खराब मौसम में उड़ानों के संचालन और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता बढ़ गई है।

By DTI