हरिद्वार, 02 नवंबर 2026। Harshita हरिद्वार में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कुल 127 चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न यातायात उल्लंघनों में 67 चालान किए गए, जबकि निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर 60 चालान काटे गए।
परिवहन विभाग की टीमों ने व्यावसायिक वाहनों की जांच के दौरान बिना वैध परमिट संचालन, वाहन कर भुगतान का प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने और उत्तराखंड प्रवेश उपकर से जुड़ी अनियमितताओं पर भी चालान किए। इसके अलावा क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
इस अभियान में परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी सहित परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की।
परिवहन विभाग की वाहन चालकों से अपील
विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों के हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने की अपील की है। वहीं व्यावसायिक वाहन संचालकों को वैध परमिट, कर भुगतान और जरूरी दस्तावेजों के साथ ही वाहन संचालन करने की हिदायत दी गई है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर की सबसे बड़ी गारंटी है।
