हरिद्वार, 5 नवंबर। हर्षिता ।उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ को हरिद्वार जनपद में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में भव्य मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद के सभी विकासखंडों में भी सांस्कृतिक और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग को ‘विकसित उत्तराखंड-विकसित भारत’ थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी, मौके पर मिलेगा लाभ
समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ लेने की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करें।
जगमगाएंगे सरकारी भवन और प्रमुख चौराहे
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हरिद्वार जनपद के सरकारी कार्यालयों, भवनों और प्रमुख चौराहों को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाकर रोशन किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य समारोह स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश सज्जा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है।
अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेश की गौरवशाली विकास यात्रा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल भंडारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सतीश जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, मुख्य जिला क्रीड़ा अधिकारी रविन्द्र सिंह और जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।

By DTI