पेशवाई मार्ग से लेकर साधु-संतों के विश्राम स्थल और छावनी तक की व्यवस्थाओं पर मंथन
हरिद्वार, 13 नवंबर 2026।
कुंभ मेला-2027 को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ पर्व के दौरान निकलने वाली अखाड़ों की भव्य पेशवाइयां श्रद्धा, आस्था और सनातन संस्कृति के अद्भुत वैभव का प्रमुख आकर्षण बनेंगी। इन पारंपरिक शोभायात्राओं में साधु-संतों की विशिष्ट परंपराओं और अखाड़ों की धार्मिक विरासत के दर्शन होंगे। ऐसे में पेशवाई के आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने अभी से व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को मेला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जूना अखाड़े के पदाधिकारियों एवं संतों के साथ बैठक कर प्रस्तावित पेशवाई मार्ग, रमता पंचों के विश्राम स्थल और अखाड़े की छावनी तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
गुघाल मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ मंथन
पांडेवाला स्थित गुघाल मंदिर परिसर में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अधिकारियों और अखाड़े के संतों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद पेशवाई की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने पांडेवाला मंदिर से जूना अखाड़े की छावनी तक प्रस्तावित पारंपरिक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, संकरे रास्तों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
रमता पंचों के विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रस्थान तक बनेगी व्यवस्था
बैठक में श्यामपुर स्थित रमता पंचों के विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रारंभिक स्थल और वहां से जूना अखाड़े की छावनी तक की व्यवस्थाओं पर भी विशेष चर्चा हुई। साधु-संतों की सुविधा, आवागमन और पेशवाई के पारंपरिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की गई।
यातायात, सुरक्षा और पेयजल समेत सुविधाओं पर विशेष जोर
पेशवाई में शामिल होने वाले साधु-संतों, अखाड़े के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात प्रबंधन, मार्ग सुधार, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा चिकित्सा शिविर, अग्निशमन व्यवस्था और मार्ग में आने वाले पेड़ों की लॉपिंग जैसे जरूरी कार्यों पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने पेशवाई के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंधों पर विचार किया।
इस दौरान जूना अखाड़े के अध्यक्ष प्रेमगिरि महाराज, उपाध्यक्ष महेश पुरी, सचिव शैलेन्द्र गिरि महाराज और महंत भास्कर पुरी से अधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की। संतों एवं अखाड़े के पदाधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी सोनिका ने दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की पेशवाइयां धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती हैं। इन आयोजनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराना मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए और पेशवाई से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं पर प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि साधु-संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ कुंभ उमेश मलिक, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, मेला अधिष्ठान के व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
