हरिद्वार, 14 नवंबर। हर्षिता। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। मेला प्रशासन अब निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ उनकी गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर भी सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने ज्वालापुर, शिवालिक नगर और बहादराबाद क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं सड़क सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों पर किए गए इस निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के साथ गुणवत्ता मानकों का भी पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कमियां सामने आने पर तत्काल सुधार कराया जाए।
पथरी रोह नदी पर बन रहे पुल का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने ज्वालापुर से ईदगाह, सुभाषनगर और पीएसी होते हुए शिवालिक नगर तक मार्ग पर पथरी रोह नदी में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के प्रीस्ट्रेस्ड आरसीसी पुल की प्रगति देखी। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पुल का स्लैब निर्माण 20 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
सड़कों के नवीनीकरण और चौड़ीकरण पर जोर
उन्होंने ज्वालापुर-ईदगाह-सुभाषनगर-पीएसी-शिवालिक नगर मार्ग पर बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) से सड़क नवीनीकरण तथा आबादी वाले क्षेत्रों में शोल्डर पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और काम को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बहादराबाद-सिडकुल चार लेन मार्ग पर भाईचारा ढाबा से बीएचईएल बैरियर संख्या-8 होते हुए शिवालिक नगर चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की गई। अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश
अपर मेलाधिकारी ने बहादराबाद-धनौरी-इमलीखेड़ा-भगवानपुर-गागलहेड़ी राज्य मार्ग संख्या-68 के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और जहां भी कमियां दिखाई दें, वहां बिना देरी सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर सभी निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।

By DTI