हरिद्वार, 16 नवंबर। Harshita .राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर हरिद्वार के प्रेस क्लब सभागार में ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। जिला सूचना कार्यालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने दीप प्रज्वलित कर किया। गोष्ठी में डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव के बीच खबरों की सत्यता और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीएम ने कहा– खबर की तेजी नहीं, सच्चाई हो प्राथमिकता
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि आज डिजिटल युग में सूचनाएं बेहद तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं। सोशल मीडिया और एआई ने समाचारों के संकलन एवं प्रसारण के तरीके बदल दिए हैं। ऐसे में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा कि खबरों की प्राथमिकता उनकी लोकप्रियता या सनसनी के आधार पर नहीं, बल्कि उनके जनहित और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर तय होनी चाहिए। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि करना बेहद जरूरी है।
डीएम ने पत्रकारों से अपुष्ट और भ्रामक खबरों से बचने तथा एआई के माध्यम से प्रसारित तस्वीरों और सूचनाओं की भी सत्यता जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक गलत सूचना समाज में भ्रम और असमंजस पैदा कर सकती है।
पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ
जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ होने के साथ शासन-प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। सत्य, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनहित पत्रकारिता के मूल सिद्धांत हैं। आगामी चुनावों को देखते हुए उन्होंने पत्रकारों से पूरी सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
वरिष्ठ पत्रकारों ने भी रखे विचार
गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार श्रवण कुमार झा, बालकृष्ण शास्त्री, दीपक नौटियाल, अश्विनी अरोड़ा, काशीराम सैनी, हिमांशु द्विवेदी, सुदेश आर्य, प्रतिभा वर्मा, कुमकुम शर्मा, नीलम सैनी, संजय रावल, सतीश गुजराल सहित विभिन्न समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
