देहरादून,डीटी आई न्यूज़।चुनाव से पहले दल-बदल के जरिये कांग्रेस को बार-बार सदमे में डाल रही भाजपा आज खुद सदमे में है। प्रचंड बहुमत वाली सत्तारूढ़ भाजपा ने विरोधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए दल-बदल की जो पिच तैयार की, उस पर अब कम संख्या बल वाली कांग्रेस बल्लेबाजी कर रही है। 

कांग्रेस भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे यशपाल आर्य और उनके विधायक बेटे संजीव आर्य की घरवापसी कराने में कामयाब रही। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, ये ट्रेलर है, पिक्चर तो अभी बाकी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस भाजपा के एक अन्य विधायक उमेश शर्मा काऊ की घर वापसी कराने से चूक गई, जबकि काऊ की कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात हो चुकी थी।

उत्तराखंड में सियासत के ताजा उठापठक वाले घटनाक्रम के बाद अब सबकी नजरें पिछली बार के दल बदल के नेता रहे, हरक सिंह रावत पर है। हरक सिंह के नेतृत्व में ही पिछली बार विधायकों ने ऐन चुनाव से पहले पाला बदल किया था। हालांकि इस बार हरक सिंह खामोश जरूर हैं, लेकिन उन्होंने यशपाल आर्य के जाने के प्रतिक्रिया स्वरूप ये जरूर कहा कि उनका प्रभाव राज्य की करीब 30 सीटों पर है। विधानसभा चुनाव-2022 से पहले ऐसे बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है।
हरक सिंह के इस बयान के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। जिस तरह वो हर विधानसभा चुनाव में अलग अलग सीटों से चुनाव जीत कर आते हैं, वो उनके इस दावे को पुख्ता भी करता है। लेकिन इस बार एकबार फिर लोगों की नजर हरक सिंह के दांव पर है। आखिरकार वो क्या करते हैं। आपको बता दें कि सोमवार को कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने अपने बेटे विधायक संजीव के साथ कांग्रेस को पुन: ज्वाइन कर लिया था।
भाजपा में खुद को पा रहे हैं बेहद असहज
कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भाजपा में खुद को बेहद असहज भी महसूस कर रहे हैं। कर्मकार बोर्ड का मसला रहा हो, या कोटद्वार मेडिकल कालेज का मसला, हरक सिंह परेशान ही रहे। त्रिवेंद्र सरकार में तो पहले कर्मकार बोर्ड की साइकिलों की जांच बैठी। फिर कोटद्वार मेडिकल कालेज प्रकरण में जांच बैठी। कार्यदायी संस्था से 20 करोड़ रुपये वापस कराए गए।

By DTI