मानसा, डीटी आई न्यूज़।मानसा से आम आदमी पार्टी के विधायक व दांतों के डॉक्टर विजय सिंगला को मान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। वह लंबे समय से सिविल अस्पताल मानसा रोड पर सिंगला डेंटल क्लीनिक चला रहे हैं। उनकी पत्नी अनीता सिंगला भी बीएएमएस हैं और बेटा चेतन सिंगला एमडी की पढ़ाई कर रहे हैं।
डॉ. विजय सिंगला ने मानसा से कांग्रेस के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला को 60 हजार से अधिक वोटों से हराया था। अब आम आदमी पार्टी ने उन्हें कैबिनेट में स्थान दिया और सोमवार को उन्हें स्वास्थ्य विभाग सौंपा है। अब वह पूरे राज्य का स्वास्थ्य सिस्टम देखेंगे। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में दिल्ली की तर्ज पर मोहल्ला क्लीनिक खोलने के अलावा सरकारी अस्पतालों की दशा व दिशा बदलेगी। वैसे यह अपने आप में एक चुनौती है क्योंकि पंजाब में स्वास्थ्य ढांचा बुरी हालत में है।