हरिद्वार, 05 फरवरी 2026, हर्षिता। विकासखंड रुड़की के न्याय पंचायत खंजरपुर स्थित पंचायत घर, टोडा कल्याणपुर अहतमाल में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम ने क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत दी। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस बहुउद्देशीय शिविर में 2251 लोगों को विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जबकि 1245 नागरिकों को मौके पर ही अलग-अलग विभागों के प्रमाण पत्र जारी किए गए।
शिविर में 5238 लोगों की रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली, जो सरकार की योजनाओं के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान 66 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 46 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति (राज्यमंत्री स्तर) के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि शिविरों में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ रही है और लोग सरकारी योजनाओं का सीधे लाभ ले रहे हैं। दर्ज शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली बिल, जलभराव, चकरोड़ और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं, जिनका प्राथमिकता से समाधान किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री/भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में विधायक उमेश कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान वाजिद अली, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल, क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
