नैनीताल: हर्षिता उत्तराखंड में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है. जिला न्यायालयों के बाद अब उत्तराखंड हाईकोर्ट को भी बम धमाके से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है. जिससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. ऐसे में हाईकोर्ट के साथ ही जिला न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ एंटी टेररिस्ट स्क्वाड को तैनात कर दिया गया.
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय को ई-मेल के जरिए धमकी मिली थी. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं. न्यायालय परिसर की व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने कोर्ट परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों की भी गहन जांच की. हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.

धमकी भरे ई-मेल में इस बार ड्रोन के माध्यम से हाईकोर्ट और जिला न्यायालय परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई है. खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई स्थानों को खाली कराया और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है. न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है. बाहरी लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
विदेश से जुड़े मिले आईपी एड्रेस: आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया मामले की जांच एसटीएफ द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है. अब तक ट्रैक किए गए कुछ आईपी एड्रेस भारत से बाहर के पाए गए हैं. जिन्हें गंभीरता से जांच के दायरे में लिया गया है. ई-मेल भेजने वालों की पहचान करने और उनकी लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं.
हाईकोर्ट और जिला न्यायालयों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है. अतिरिक्त पुलिस बल, एटीएस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड लगातार निगरानी में लगे हुए हैं.
-रिद्धिम अग्रवाल, आईजी-
