लक्सर/हरिद्वार। हर्षिता ।अपराध और अपराधियों पर सख्त रुख अपनाए हुए हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने कुख्यात हुक्का गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गैंग के लिए अवैध असलहों की सप्लाई करता था और हाल ही में हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक दीपक चौधरी अपनी टीम के साथ ग्राम भूरनी क्षेत्र में मुकदमा संख्या 243/2026 के वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे तुरंत घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सालम पुत्र जहीर हसन निवासी घिस्सोपुरा, थाना मंगलौर (हरिद्वार) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हुक्का गैंग का सदस्य है और गैंग के अन्य सदस्यों को अवैध हथियार उपलब्ध कराता था। आरोपी ने बताया कि गैंग द्वारा एक युवक से वीडियो क्लिप के आधार पर पैसे की मांग की जा रही थी। इसी विवाद के चलते 10 मार्च की रात गैंग के सदस्यों ने दो मोटरसाइकिलों से नगला खिताब, लक्सर पहुंचकर एक व्यक्ति के घर के बाहर फायरिंग की थी। आरोपियों ने घर में घुसकर भी फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन पीड़ित बाल-बाल बच गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इस घटना के संबंध में थाना लक्सर में मुकदमा संख्या 243/2026 दर्ज किया गया था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बरामदगी
01 अवैध तमंचा (315 बोर)
01 जिंदा कारतूस (315 बोर)
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी और मुख्य आरक्षी मीनान की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
