हरिद्वार। हर्षिता ।ज्वालापुर पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक बार फिर मानवता की मिसाल देखने को मिली। शनिवार को ज्वालापुर क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को सराफा बाजार मस्जिद के पास करीब 5 वर्ष का एक मासूम बच्चा अकेले घूमता हुआ मिला। बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था और रो रहा था।
पुलिस ने बच्चे से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। ऐसे में ज्वालापुर पुलिस के सामने बच्चे को उसके परिजनों से मिलवाना एक चुनौती बन गया।
इसके बाद पुलिस टीम बच्चे को सुरक्षित रूप से पुलिस चौकी बाजार लेकर गई और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही बच्चे का फोटो सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित किया गया।
पुलिस की सूझबूझ और लगातार प्रयासों का नतीजा यह रहा कि कुछ ही घंटों में बच्चे के परिजनों का पता चल गया। इसके बाद मासूम को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे के परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए ज्वालापुर पुलिस का आभार जताया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की मुस्तैदी और मानवीय पहल की सराहना की।
