हरिद्वार: हर्षिता। श्यामपुर थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. यहां एक कार ने आगे चल रही एक स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई. युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने चंडीघाट चौकी पहुंचकर हंगामा कर दिया. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चंडीघाट चौकी का घेराव कर तोड़फोड़ भी की. आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पथराव भी किया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा.
चंडीघाट चौकी क्षेत्र में श्यामपुर कांगड़ी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 40 वर्षीय स्कूटी सवार प्रवेश, निवासी चंडीघाट बस्ती, हाल पता कांगड़ी की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पत्नी को कांगड़ी छोड़कर प्रवेश, स्कूटी से कुछ सामान लेने के लिए हरिद्वार जा रहा था, लेकिन हादसे का शिकार हो गया. स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार सवार ने अन्य वाहनों में भी टक्कर मारी, जिससे अन्य दो लोग भी घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. आरोप है कि कार सवार नशे में थे और नशे में उन्होंने टक्कर मारी और फरार हो गए.


उधर प्रवेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और चंडीघाट बस्ती के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. महिलाओं समेत स्थानीय लोगों ने आरोपी कार चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर चौकी का घेराव कर दिया. पुलिस के समझाने के बावजूद जब भीड़ शांत नहीं हुई तो माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पथराव कर माहौल खराब करना चाहा. इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलानी पड़ी. सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी समेत कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ को तितर बितर किया गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी कार सवार चार युवकों को हिरासत में ले लिया है. साथ ही कार को भी कब्जे में ले लिया है. श्यामपुर थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. स्थिति नियंत्रण में है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
