कोटद्वार,हर्षिता। नगर के निकटवर्ती गांव रैतपुर में एक युवक ने घर से कुछ फासले पर बने पुल पर दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले युवक ने देर रात करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड की। इसमें युवक ने अपनी चोट दिखाते हुए सतपुली थानाध्यक्ष और पुलिस को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर एएसपी कोटद्वार को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार शाम सतपुली बाजार में नशे की हालत में बाइक चला रहे युवक पंकज कुमार ने एक व्यक्ति के पांव पर बाइक चढ़ा दी थी। इस पर विवाद होने पर पुलिस युवक को थाने ले गई थी। युवक का चालान कर बाइक सीज कर दी थी। रात करीब 8 बजे युवक को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया था। घर में युवक खाना खाकर अपने कमरे में चला गया था।इसके बाद उसने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया और फिर पुल पर पहुंचकर दुपट्टे से बनाए गए फंदे पर लटककर जान दे दी
शनिवार सुबह राहगीरों ने जयहरीखाल विकासखंड के भिताड़ा पुल पर हेलमेट पहने युवक का शव लटका देखा। मौके पर पहुंची सतपुली पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त पंकज कुमार (21), ग्राम रैतपुर के रूप में की। सतपुली से पहुंची एसडीआरएफ ने शव को पुल से नीचे उतारा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पहले वीडियो पोस्ट की और फिर मौत को गले लगाया
शुक्रवार रात युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 12 बजे एक वीडियो पोस्ट किया गया। घर के भीतर कमरे में बना यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में सतपुली पुलिस एवं थानाध्यक्ष पर मारपीट करने और थाने में रिश्तेदारों को खरी-खोटी सुनाने का आरोप लगाते हुए मौत का जिम्मेदार बताया गया है। युवक के पिता का कोरोनाकाल में निधन हुआ था। वर्तमान में युवक गुजरात में किसी कंपनी में नौकरी करता था। वह परिवार की आजीविका का अकेला ही सहारा था। पिछले रविवार को युवक की बड़ी बहन की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह घर आया था। परिवार में उसकी शादीशुदा बड़ी बहन के अलावा एक छोटी बहन और मां हैं।
आरोपी थानाध्यक्ष पंकज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रकरण की जांच के निर्देश एएसपी कोटद्वार को दिए गए हैं। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। -सर्वेश पंवार, एसएसपी पौड़ी
