देहरादून, हर्षिता।: डोईवाला और रानीपोखरी में शुक्रवार देर शाम पेट्रोल खत्म होने की अफवाह फैलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और टंकियां फुल कराने के लिए लंबी कतारों में लग गए।
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के बीच लोगों को आशंका हुई कि ईंधन की किल्लत हो सकती है। इसी डर के चलते देर रात तक कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली।
डोईवाला के चांदमारी स्थित एचपी पेट्रोल पंप संचालक सुनील कुमार ने बताया कि लोग लगातार पंप पर पहुंचते रहे और टंकी फुल कराने की जिद करते रहे।
वहीं पूर्ति निरीक्षक गोकुलचंद्र रमोला ने साफ किया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। सिर्फ एक पंप पर टैंकर देर से पहुंचा था, बाकी सभी जगह आपूर्ति सामान्य रही।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और जरूरत के हिसाब से ही ईंधन भरवाने की अपील की है।
