हरिद्वार हर्षिता।Haridwar Police के लिए आज का दिन बेहद भावुक रहा। पुलिस लाइन रोशनाबाद में विभाग की कर्तव्यनिष्ठ श्वान “रॉक्सी” को पूरे सम्मान और अंतिम सलामी के साथ विदाई दी गई।
करीब 12 वर्षों तक अपनी सूंघने की अद्भुत क्षमता और सतर्कता के दम पर रॉक्सी ने हरिद्वार पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई। कुंभ मेला, कांवड़ मेला, हरकी पैड़ी और पिरान कलियर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विस्फोटक एवं बारूदी पदार्थों की जांच में रॉक्सी हमेशा पुलिस की भरोसेमंद साथी रही। वीआईपी ड्यूटी, बड़े धार्मिक आयोजनों और विशेष चेकिंग अभियानों में भी उसकी भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित अंतिम सलामी कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, BDS स्टाफ और अन्य पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से रॉक्सी को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं होते, बल्कि पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य होते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही हरिद्वार पुलिस के अश्व दस्ते में शामिल घोड़ी “शालू” का भी निधन हुआ था। लगातार दो वफादार साथियों को खोने से पुलिस परिवार भावुक नजर आया।
आज भले ही रॉक्सी खामोश हो गई हो, लेकिन उसकी बहादुरी, सतर्कता और सेवाएं हरिद्वार पुलिस के इतिहास में हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद की जाएंगी।

By DTI