हरिद्वार: हर्षिता ।दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब हरिद्वार प्रशासन भी अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जनपद में विशेष अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अभियान के तहत होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, रेस्टोरेंट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, सिनेमा हॉल, विवाह एवं बैंक्वेट हॉल समेत भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली के मालवीय नगर में 03 जून 2026 को हुए दर्दनाक अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है।
अभियान के तहत अब तक कुल 28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 16 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की खामियां पाई गईं। वहीं 6 प्रतिष्ठानों में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं मिली, जिसे गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।
जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि तय समय में सुधार नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालान से लेकर सीलिंग तक की सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने आम लोगों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें, ताकि किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके और जनहानि से बचा जा सके।
