रुड़की। हर्षिता।उत्तराखंड की राजनीति में रविवार को एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत हुई। खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी एवं वरिष्ठ समाजसेविका सोनिया शर्मा ने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में जननिर्माण पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे समर्थकों ने नई पार्टी के प्रति अपना विश्वास जताते हुए सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित होने के बाद सोनिया शर्मा ने कहा कि जननिर्माण पार्टी का उद्देश्य प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना और जनता को एक ईमानदार एवं मजबूत राजनीतिक विकल्प प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता वर्षों से पारंपरिक राजनीतिक दलों से निराश है और अब बदलाव चाहती है।
सोनिया शर्मा ने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के कई प्रभावशाली नेता जननिर्माण पार्टी से जुड़ेंगे। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लेते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश में एक मजबूत तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि जननिर्माण पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जनआंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला कोई मजबूत नेतृत्व नहीं दिखाई देता।
उमेश कुमार ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले से जननिर्माण पार्टी के 5 से 7 विधायक विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जिले की मजबूत भागीदारी ही क्षेत्र की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर सकती है।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। एक समर्थक ने सोनिया शर्मा को चांदी का मुकुट भेंट कर सम्मानित किया, जबकि कई लोगों ने स्मृति चिन्ह और उपहार देकर उनका स्वागत किया।
सभा का एक प्रमुख आकर्षण तब बना जब राव सज्जाद छह जेसीबी मशीनों के काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि उमेश कुमार के पास भी “पीला पंजा” है और जनता की ताकत उनके साथ खड़ी है।
इस अवसर पर विक्रांत चौधरी, कविता चौधरी, राव मोईन, दंड गोविंद, नदीम, शाहबुद्दीन, सोनू, आरिफ प्रधान, भूरा, सुनीता चौधरी, देवराज तोमर सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने जननिर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उत्तराखंड की राजनीति में जननिर्माण पार्टी का आगमन एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। हजारों लोगों की मौजूदगी और विभिन्न दलों से जुड़े नेताओं की भागीदारी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में यह नई पार्टी प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर को प्रभावित करने का प्रयास करेगी। अब सभी की निगाहें पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और उसके राजनीतिक प्रदर्शन पर टिकी हैं।
