रुड़की। हर्षिता।हरिद्वार जिले के रुड़की में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब उप कारागार के ठीक सामने हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमले में युवक बाल-बाल बच गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक दर्जन से अधिक बाइक सवार युवक उप कारागार रुड़की के बाहर पहुंचे और रामपुर गांव के कुछ युवकों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में अफजाल नामक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
तहरीर के अनुसार, अफजाल का बेटा दानिश और उसका दोस्त शमीम बुधवार को रुड़की जेल पहुंचे थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले से ही शमीम को निशाना बनाने की योजना बना रखी थी और वे हथियारों के साथ वहां मौजूद थे। शमीम को शक होने पर उसने अपने परिचितों को मौके पर बुलाया। जैसे ही युवक जेल परिसर के बाहर पहुंचे, आरोपियों ने उन पर गोलियां चला दीं।
हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल के सामने खुलेआम हुई फायरिंग से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। :::
