हरिद्वार | 09 जुलाई 2026, हर्षिता । भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद हरिद्वार जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 10 जुलाई (शुक्रवार) को जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए यह फैसला छात्रों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
डीएम ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत जारी आदेश में कहा है कि जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई को पूर्णतः बंद रहेंगे।
प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित विभाग आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
