पुंछ,दिव्या टाइम्स इंडिया। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को भारी बारिश के बीच कुदरत का कहर देखने को मिला। जिले में बादल फटने के बाद अचानक आए तेज पानी के बहाव से कई स्थानों पर भीषण भूस्खलन हुआ। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के दौरान कई विशाल बोल्डर (चट्टानें) सीधे परिवार के घर पर आ गिरे। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में दब गया। हादसे में परिवार के सभी सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुंछ और आसपास के क्षेत्रों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
