देहरादून,:हर्षिता। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। प्रदेश के सबसे व्यस्त पर्यटन मार्गों में शामिल देहरादून-मसूरी रोड पर सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने अगले आदेश तक पूरे मार्ग को बंद कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन के अनुसार लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण सड़क के एक संवेदनशील मोड़ पर गंभीर क्षति हुई है। विशेषज्ञों ने सड़क के और धंसने तथा भूस्खलन की आशंका जताई है। किसी भी बड़े हादसे से बचने के लिए तत्काल प्रभाव से मार्ग बंद करने का निर्णय लिया गया है।
मार्ग बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और केवल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।
इस बीच मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील सड़कों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि अफवाहों से बचें, केवल प्रशासन और मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

By DTI